(कोरबा)छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के प्रांतीय चेयरमैन अशोक मोदी ने बताया कि संगठन के द्वारा सामाजिक सेवा एवं मानवीय मूल्यों को समर्पित निःशुल्क सामूहिक कन्या विवाह समारोह का भव्य आयोजन 3 मई 2026, रविवार को रायपुर स्थित श्रीराम मंदिर परिसर में अत्यंत गरिमामय एवं भावनात्मक वातावरण में सम्पन्न हुआ। संगठन की इस अनुकरणीय पहल की सभी समाजों एवं वर्गों के लोगों ने मुक्तकंठ से सराहना करते हुए इसे सामाजिक समरसता और सेवा भावना का प्रेरणादायी उदाहरण बताया।

rrrrrrrrrr

समारोह में पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश से चयनित कुल 51 जोड़े वैवाहिक बंधन में बंधे, जिनमें कोरबा जिले से भी 5 जोड़े शामिल रहे। सभी विवाह वैदिक मंत्रोच्चार, पारंपरिक रीति-रिवाज एवं विधि-विधान के साथ सम्पन्न कराए गए। पूरे आयोजन स्थल को आकर्षक रूप से सजाया गया था तथा विवाह समारोह में पारिवारिक आत्मीयता एवं भारतीय संस्कृति की सुंदर झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, बसना विधायक संपत अग्रवाल सहित सिंधी समाज, सिख समाज, गुजराती समाज, साहू समाज, क्षत्रिय समाज एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के अनेक वरिष्ठ जन विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान करते हुए उनके सुखद, समृद्ध एवं मंगलमय वैवाहिक जीवन की कामना की। समारोह में बड़ी संख्या में समाजसेवी, गणमान्य नागरिक, महिला एवं पुरुष सदस्य उपस्थित रहे।

888888

संगठन के प्रांतीय चेयरमैन अशोक मोदी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस विशाल आयोजन की तैयारी पिछले तीन माह से लगातार की जा रही थी। विवाह हेतु ऐसे जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों का चयन किया गया, जिन्हें वास्तव में सहयोग की आवश्यकता थी। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य केवल विवाह सम्पन्न कराना नहीं, बल्कि जरूरतमंद परिवारों के जीवन में खुशियां लाना एवं समाज में सहयोग, सेवा और संस्कार की भावना को मजबूत करना है।

उन्होंने बताया कि संगठन द्वारा नवविवाहित दंपतियों को गृहस्थ जीवन प्रारंभ करने हेतु आवश्यक सामग्रियां भी भेंट स्वरूप प्रदान की गईं। इनमें पलंग, गद्दा, रजाई, चादर, तकिया, अलमारी, प्रेशर कूकर, घरेलू बर्तन, सूटकेस, बैग, मिठाइयां एवं फल शामिल रहे। वहीं वधुओं को पाजेब एवं बिछिया तथा वरों को शेरवानी, पगड़ी एवं दुपट्टा भेंट किया गया।

समारोह की सबसे भावुक एवं प्रेरणादायक विशेषता यह रही कि संगठन के महिला एवं पुरुष पदाधिकारियों ने स्वयं नवविवाहित जोड़ों के माता-पिता की भूमिका निभाते हुए कन्यादान किया। पूरे वातावरण में आत्मीयता, पारिवारिक प्रेम एवं सामाजिक अपनत्व की अद्भुत अनुभूति देखने को मिली। महिलाओं द्वारा मंगलगीत, भजन एवं पारंपरिक गीतों के साथ बेटियों की विदाई की गई, जिससे पूरा माहौल भावुक एवं श्रद्धामय हो गया।

इस अवसर पर संगठन के संरक्षक सियाराम अग्रवाल, जयदेव सिंघल, महेन्द्र सक्सेरिया, ईश्वर प्रसाद अग्रवाल, प्रांतीय चेयरमैन अशोक मोदी, प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल, उपाध्यक्ष सुधीर बंसल, अनिल अग्रवाल, गोपाल सुल्तानिया, महामंत्री संजय अग्रवाल, पूर्व महामंत्री मनोज अग्रवाल, प्रांतीय महिला अध्यक्ष अनिता अग्रवाल, महिला उपाध्यक्ष मंजू अग्रवाल, मंगल परिणय आयोग की संयोजिका शोभा केडिया, गुंजा सुल्तानिया, ज्योति अग्रवाल सहित कोरबा से बजरंग अग्रवाल, अमरनाथ अग्रवाल, जगदीश प्रसाद अग्रवाल, भगवती प्रसाद गोयनका सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारीगण एवं सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने नवदंपतियों को शुभाशीष प्रदान किया।

अशोक मोदी ने कहा कि संगठन द्वारा पूर्व में भी इस प्रकार के सामूहिक विवाह समारोह सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं। ऐसे आयोजनों से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिलती है तथा बिना किसी आर्थिक बोझ के युवक-युवतियों का विवाह संपन्न हो पाता है। उन्होंने कहा कि अन्य सामाजिक संगठनों एवं समाजों को भी इस प्रकार के प्रेरणादायी एवं सेवा आधारित आयोजन करने चाहिए, ताकि जरूरतमंद परिवारों को सहयोग मिल सके।

उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि सामाजिक सेवा, संवेदनशीलता, सहयोग एवं मानवीय मूल्यों का सशक्त उदाहरण है, जिसने समाज में एक सकारात्मक संदेश देने का कार्य किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *